Uttarakhand

व्यापारियों के नुकसान की भरपाई और परियोजना की सीबीआई जांच की मांग

विकासनगर,। शहर में निर्माण कार्यों की धीमी गति, सड़कों की बदहाल स्थिति और धूल-मिट्टी से आम जनता तथा व्यापारियों को हो रही परेशानियों को लेकर शहर कांग्रेस कमेटी ने ईएमएस कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विकास शर्मा ने आरोप लगाया कि त्योहारों के मौसम में निर्माण कार्यों में लापरवाही के कारण व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। विकास शर्मा ने कहा कि शहर में जगह-जगह धूल-मिट्टी के ढेर लगे हैं और सड़क निर्माण का काम निर्धारित समय पर पूरा नहीं किया जा रहा है। बाजार के रास्ते कब बंद कर दिए जाएंगे, इसकी जानकारी नहीं होने के कारण लोग खरीदारी के लिए आने से बच रहे हैं। इससे व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कोतवाली बाईपास मार्ग का निर्माण छह से सात महीने पहले पूरा हो जाना चाहिए था, लेकिन काम अब तक अधूरा है। वहीं, दिनकर विहार की कुछ सड़कों पर एम-15 कंक्रीट डालकर काम अधूरा छोड़ दिया गया है, जो चिंता का विषय है। कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि आखिर ऐसी क्या वजह है कि कंपनी की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठने के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने परियोजना में सामने आई कथित अनियमितताओं की जांच कराने और पूरे मामले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच की सिफारिश करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों से जिन व्यापारियों के कारोबार को नुकसान पहुंचा है, उन्हें उचित मुआवजा दिया जाना चाहिए। यदि समय रहते जांच और कार्रवाई नहीं होती है, तो इससे सरकार की भूमिका पर भी सवाल उठेंगे। विकास शर्मा ने कहा कि नवरात्र समाप्त हो चुके हैं और दशहरा तथा दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार सामने हैं। ऐसे में बाजारों और प्रमुख मार्गों की बदहाल स्थिति से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अगले दो से तीन दिनों में शहर की व्यवस्था सुधारकर निर्माण कार्यों को व्यवस्थित नहीं किया गया, तो कांग्रेस कमेटी इसके विरोध में आंदोलन करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button