केदारनाथ यात्रा के दूसरे चरण की तैयारियां शुरू, 24 घंटे सक्रिय रहेगा आपदा कंट्रोल रूम
रुद्रप्रयाग,। केदारनाथ धाम यात्रा के दूसरे चरण को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर जिला आपदा प्रबंधन विभाग ने यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए व्यवस्थाओं को सक्रिय करना शुरू कर दिया है। यात्रा के दौरान जिला आपदा प्रबंधन विभाग का कंट्रोल रूम पूर्व की भांति 24 घंटे सातों दिन सक्रिय रहेगा।
कंट्रोल रूम से केदारनाथ यात्रा मार्ग की सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निरंतर निगरानी की जाएगी। आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें मौसम, यात्रा मार्ग की स्थिति और अन्य संभावित परिस्थितियों पर लगातार नजर रखेंगी। मौसम या मार्ग की स्थिति में बदलाव होने पर श्रद्धालुओं को यात्रा मार्ग पर स्थापित अनाउंसमेंट सिस्टम के माध्यम से समय-समय पर आवश्यक जानकारी और सावधानियों से अवगत कराया जाएगा।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि केदारनाथ यात्रा मार्ग को प्रभावी निगरानी और त्वरित राहत-बचाव कार्यों के लिए कुल 14 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। इनमें सात सेक्टर पैदल यात्रा मार्ग पर बनाए गए हैं। प्रत्येक सेक्टर में तैनात टीमें आपसी समन्वय और सामंजस्य के साथ कार्य करेंगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं तक तत्काल सहायता पहुंचाई जा सके।
पैदल यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता के लिए डीडीआरएफ, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, वाईएमआरएफ, म्यूल टास्क फोर्स और आपदा मित्रों की टीमें तैनात रहेंगी। ये टीमें यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी रखेंगी और किसी भी दुर्घटना, स्वास्थ्य संबंधी समस्या, मौसम खराब होने अथवा अन्य आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करेंगी।
जिला प्रशासन का प्रयास है कि केदारनाथ धाम यात्रा के दूसरे चरण में श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा का बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए आपदा प्रबंधन तंत्र को 24×7 अलर्ट मोड पर रखा गया है।


