Uttarakhand

नीट पेपर लीक और परीक्षा घोटालों की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें

देहरादून,। देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक, भ्रष्टाचार और अव्यवस्था के खिलाफ राष्ट्रीय संचार सचिव वैभव वालिया के नेतृत्व में देहरादून की छात्रा रीया थापा के निवास पूजा विहार से एक भावपूर्ण कैंडल मार्च निकाला गया। इस दौरान रिया के परिजन, रिश्तेदार, स्थानीय नागरिक एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर वैभव वालिया ने कहा कि रिया थापा की असमय मृत्यु केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे देश की शिक्षा व्यवस्था की विफलता का दर्दनाक प्रतीक है। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार पेपर लीक होने, भ्रष्टाचार और सरकारी लापरवाही ने लाखों युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है। वर्षों की मेहनत करने वाले छात्रों का विश्वास व्यवस्था से उठ चुका है और उनके सपनों के साथ लगातार खिलवाड़ हो रहा है।
उन्होंने कहा कि जब देश के युवाओं का भविष्य सुरक्षित रखने में सरकार असफल रही है, तब इसकी नैतिक जिम्मेदारी केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को लेनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि धर्मेंद्र प्रधान तत्काल अपने पद से इस्तीफा दें और परीक्षा प्रणाली में हुए सभी घोटालों की सर्वोच्च स्तर पर निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराई जाए। वैभव वालिया ने कहा कि आज देश का युवा निराशा, असुरक्षा और अविश्वास के माहौल में जी रहा है। बार-बार होने वाले पेपर लीक केवल प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों पर सीधा हमला हैं। यदि समय रहते कठोर सुधार नहीं किए गए तो आने वाली पीढ़ियों का शिक्षा व्यवस्था से भरोसा पूरी तरह समाप्त हो जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी रिया थापा सहित उन सभी विद्यार्थियों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करती है जिन्होंने परीक्षा व्यवस्था से जुड़े विवादों और तनावपूर्ण परिस्थितियों के बीच अपनी जान गंवाई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button