Uttarakhand

व्यावसायिक शिक्षा का नया हब बनेगा पैठाणीः डाॅ. धन सिंह रावत

पौड़ी/देहरादून,। राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय पैठाणी को व्यावसायिक शिक्षा का केन्द्र बनाया जायेगा। इसके लिये महाविद्यालय में चरणबद्ध तरीके से आधुनिक एवं उद्योगों की आवश्यकता आधारित रोजगारपरक पाठ्यक्रम संचालित किये जायेंगे, ताकि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ रोजगार के बेहतर अवसर मिल सके। यह बात प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय पैठाणी में आयोजित वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में कही। बतौर मुख्य अतिथि डाॅ. रावत ने कहा कि राज्य सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को आधुनिक तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा उपलब्ध कराने की मंशा से पैठणी में राज्य का पहला व्यावसायिक महाविद्यालय खोला। इस महाविद्यालय को सरकार व्यावसायिक शिक्षा का बड़ा केन्द्र बनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यहां उद्योगों एवं बाजार की मांग के अनुरूप नए पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे, जिससे युवा आत्मनिर्भर बन सकेंगे और प्रदेश के विकास में सहभागी होंगे। उन्होंने कहा कि अगले शैक्षिक सत्र से महाविद्यालय में बीटेक, बीएड, एमबीए एवं एमसीए जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रम प्रारम्भ किये जायेंगे, इसके लिये विभगागीय अधिकारियों को निर्देश दे दिये गये हैं। डाॅ. रावत ने कहा कि व्यावसायिक महाविद्यालय पैठाणी को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। महाविद्यालय में विभिन्न प्रयोगशालाओं के साथ ही छात्र-छात्राओं के लिए अत्याधुनिक छात्रावास की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, इसके अलावा आधुनिक ऑडिटोरियम एवं प्राचार्य आवास का निर्माण भी पूरा हो चुका है। उन्होंने छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिये महाविद्यालय में विभिन्न वाद्य यंत्र उपलब्ध कराने, काॅलेज परिसर में ओपन जिम एवं प्रतीक्षालय का निर्माण करने की बात कही।
वार्षिकोत्सव के अवसर पर डॉ. रावत ने महाविद्यालय परिसर में निर्मित “शौर्य दीवार” का अनावरण तथा पेयजल टंकी का लोकार्पण किया। उन्होंने महाविद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘बनास’ एवं रसायन विज्ञान पुस्तक का विमोचन भी किया। साथ ही मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर सबका मनमोहा। इस अवसर पर संयुक्त निदेशक उच्च शिक्षा डाॅ. ए.एस उनियाल, प्राचार्य राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय डाॅ. विजय अग्रवाल, यूसीएफ के अध्यक्ष मातवर सिंह रावत, भाजपा नेता राजेन्द्र टम्टा, जिला पंचायत सदस्य डाॅ. शिवचरण नौडियाल सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
पैठाणी में व्यापक जनसम्पर्क कर जाना आम लोगों का हाल
सूबे के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने आज अपने विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर के भ्रमण के दौरान पैठाणी एवं आसपास के विभिन्न गांवों में व्यापक जनसम्पर्क कर आमजन की समस्याओं को सुना। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों, व्यापारियों, युवाओं एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित करते हुए क्षेत्र के विकास को लेकर सुझाव मांगे।
भ्रमण कार्यक्रम के दौरान डाॅ. रावत ने पैठाणी में ग्राम प्रहरियों के साथ बैठक कर विभिन्न सामाजिक एवं सुरक्षा संबंधी विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने ग्राम प्रहरियों से अपने-अपने गांवों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए नशा एवं अपराध मुक्त समाज निर्माण में सहयोग देने को कहा। उन्होंने युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने, गांवों में जागरूकता अभियान चलाने तथा सामाजिक सद्भाव एवं सुरक्षा की भावना को मजबूत करने पर विशेष बल दिया।
इसके अलावा कैबिनेट मंत्री डाॅ. रावत ने पैठाणी स्थित राहु मंदिर परिसर में चल रहे सौन्दर्यीकरण एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने तथा समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button