Uttarakhand

समाजसेवी भावना पांडे को कांग्रेस अध्यक्ष बनाने का झांसा देकर 25 लाख की ठगी

देहरादून,। राज्य आंदोलनकारी व समाजसेवी भावना पांडे को कांग्रेस अध्यक्ष बनाने का झांसा देकर शातिर ने 25 लाख रुपये ठग दिए। शातिर ने खुद को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी का पीए बताया। आरोपित ने कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की रिकार्डिंग भी सुनाई। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले में टिकट दिलाने के नाम पर कई नेताओं को ठगी का शिकार बना चुका है। बताया जा रहा है कि आरोपी राज्य आंदोलनकारी व समाजसेवी भावना पांडे के संपर्क में आया था। उसने भावना पाडें को विश्वास में लेकर उन्हे कांग्रेस अध्यक्ष बनाने का झांसा दिया। झांसे में आकर उन्होंने 25 लाख रुपये नकद दे दिए। जब आरोपित ने फोन नहीं उठाया तो ठगी का अंदेशा होने पर उन्होंने राजपुर थाने में तहरीर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपित गौरव कुमार निवासी नेहरू कालोनी मजीठा रोड अमृतसर थाना सदर पंजाब को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित अन्य राज्यों में भी कांग्रेस नेताओं को विधायक का टिकट दिलाने का झांसा देकर करोड़ों की ठगी कर चुका है।पुलिस को दी शिकायत में भावना पांडे ने बताया कि एक व्यक्ति ने उन्हें फोन कर अपना नाम कनिष्क सिंह बताया। आरोपित ने खुद को राहुल गांधी का निजी सचिव बताते हुए उत्तराखंड में सर्वे व प्रदेश अध्यक्ष बनाने का झांसा दिया। इसके एवज में आरोपित ने उसने 25 लाख रुपए मांगे। रुपये लेने के लिए 13 अप्रैल को कनिष्क सिंह ने अपने एक साथी को भावना पांडे के आवास जाखन भेजा, जहां पीड़ित ने आरोपित को 25 लाख रुपए नकद दिए। रकम लेने के बाद आरोपित ने न तो फोन उठाया और ना ही उनकी रकम लौटाई। तहरीर के आधार पर राजपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर थानाध्यक्ष पीडी भट्ट ने पुलिस टीम गठित कर मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी कैमरे खंगाले। पुलिस जांच में आरोपित की पहचान गौरव कुमार के रूप में हुई। इस घटना के बाद आरोपित कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी को टिकट दिलाने के नाम से 12 लाख रुपए लेने पैसिफिक माल जाखन पहुंचा। जहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में गौरव कुमार ने बताया कि वह अमृतसर पंजाब का मूल निवासी है। वर्ष 2003 से 2015 तक कनिष्क सिंह नाम का व्यक्ति राहुल गांधी के निजी सचिव के रूप में कार्यरत थे और वर्तमान में भी वह पार्टी में उनके साथ कार्यरत हैं। इस दौरान गौरव ने कनिष्क सिंह के नाम से ट्रू कालर में एक आईडी बनाई और साइट पर जाकर पूरे देश के वरिष्ठ नेताओं के बारे में जानकारी जुटाई।वर्ष 2017 में उसने जयपुर राजस्थान में एक नेता को विधायक का टिकट दिलवाने के एवज में 1.90 करोड़ रुपये, वर्ष 2017 में ही राजस्थान में एक नेता को विधायक का टिकट दिलाने के एवज में 12 लाख रुपये, वर्ष 2025 में पटना बिहार में एक अन्य नेता से तीन लाख रुपये, 2021 में लुधियाना व संगरूर जिले पंजाब से अन्य व्यक्तियों से अलग-अलग धनराशि ली। गौरव कुमार के गिरोह में चार अन्य शामिल है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपित ने कांग्रेस के कई नेताओं को विधायक का टिकट दिलाने का झांसा देकर उनसे ठगी का प्रयास किया। चर्चा है कि इनमें सोनिया आनंद, सुनीता प्रकाश, मदन लाल, महानगर अध्यक्ष जसविंदर गोगी, शीशपाल बिष्ट का नाम शामिल है। इनमें कुछ नेता ठगी के शिकार हुए हैं लेकिन खुलकर कोई सामने नहीं आ रहा है। पुलिस इस ठग के अन्य साथियों की भी तलाश कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button