Uttarakhand

बर्फ हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी

रूद्रप्रयाग,। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम यात्रा के आगामी 22 अप्रैल से शुभारंभ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए तैयारियों ने अब तेज रफ्तार पकड़ ली है। विशेष रूप से केदारनाथ पैदल मार्ग पर जमी भारी बर्फ को हटाने का कार्य युद्धस्तर पर संचालित किया जा रहा है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशों के तहत मार्ग को समय से पूर्व श्रद्धालुओं के लिए तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी क्रम में प्रशासन ने 60 मजदूरों की टीम को तैनात किया है, जिन्हें दो अलग-अलग दलों में विभाजित कर कार्य में लगाया गया है।
एक 30 सदस्यीय दल केदारनाथ धाम से नीचे की ओर बर्फ हटाने का कार्य कर रहा है, जबकि दूसरा दल छोटी लिंचोली से ऊपर की ओर बढ़ते हुए मार्ग को साफ करने में जुटा है। यह टीम विशेष रूप से मार्ग के छह प्रमुख ग्लेशियर प्वाइंट्स पर जमी मोटी बर्फ को हटाने का कार्य कर रही है।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के अधिशासी अभियंता राजविंद सिंह के अनुसार, केदारनाथ मार्ग पर कई स्थानों पर अत्यधिक बर्फ जमी हुई है। भैरव और कुबेर ग्लेशियर क्षेत्र में 15 से 18 फीट तक बर्फ पाई गई है, जिससे कार्य चुनौतीपूर्ण हो गया है। बावजूद इसके, मजदूर प्रतिकूल परिस्थितियों में भी लगातार जुटे हुए हैं। उन्होंने बताया कि सभी टीमें पूरी प्रतिबद्धता और उत्साह के साथ कार्य कर रही हैं, ताकि यात्रा प्रारंभ होने से पहले मार्ग पूरी तरह से सुरक्षित और सुगम बनाया जा सके। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त श्रमिकों की तैनाती कर कार्य की गति को और तेज किया जाएगा। जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और यात्रा को निर्बाध रूप से संपन्न कराना है। इसी के तहत मार्ग सुधार, सुरक्षा व्यवस्थाएं और मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button