विद्याज्ञान ने सत्र 2026-27 में प्रवेश के लिए आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन की
देहरादून,। भारत के ग्रामीण व प्रतिभाशाली बच्चों को विश्व स्तरीय शिक्षा प्रदान करने वाली लीडरशिप एकेडमी, विद्याज्ञान ने 2026-27 के शैक्षणिक सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए प्रिलिमिनरी प्रवेश परीक्षा 30 नवंबर, 2025 को उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड में विभिन्न केंद्रों पर आयोजित होगी। इसके लिए रजिस्ट्रेशन 25 अक्टूबर, 2025 तक चलेंगे। विद्याज्ञान स्कूल्स के डायरेक्टर, बिश्वजीत बनर्जी ने कहा भारत के गांवों में असाधारण प्रतिभा और दृढ़ निश्चय वाले बच्चों की भरमार है। उनमें क्षमता की कमी नहीं है बस उन्हें अवसर नहीं मिल पाते हैं। विद्याज्ञान की शुरुआत इसी में परिवर्तन लाने के लिए की गई थी। इस साल प्रवेश को ऑनलाईन करके हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के सबसे दूरदराज के इलाकों में भी हर परिवार के बच्चे आसानी से आवेदन कर सकें।
विद्याज्ञान ने इस साल डिजिटल क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है क्योंकि प्रवेश की पूरी प्रक्रिया अब 100 प्रतिशत ऑनलाईन हो रही है, जिसने इसे बहुत सरल और तीव्र बना दिया है। प्रवेश के लिए आवेदन एक स्मार्टफोन या कंप्यूटर और इंटरनेट की मदद से सीधे विद्याज्ञान के एडमिशन पोर्टल विद्याज्ञान.इन पर जाकर किया जा सकता है। प्रवेश परीक्षा ऑनलाईन हो जाने पर अब विद्यार्थियों को फिज़िकल फॉर्म भरने या यात्रा करने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे उनकी सुविधा और सुरक्षा बढ़ेगी। नई प्रक्रिया में आवेदकों की मदद करने के लिए विद्याज्ञान के कॉल सेंटर (1800-102-1784) और विभिन्न जिलों में ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर (बीएओ) के ऑफिसों द्वारा ऑनलाईन रजिस्ट्रेशन में चरणवार सहायता प्रदान की जा रही है। चयन की प्रक्रिया तीन चरणों में होगी। पहले चरण में प्रिलिमिनरी लिखित परीक्षा होगी, जिसके बाद चयनित विद्यार्थियों को दूसरी लिखित परीक्षा में बैठना होगा। इसके बाद विद्यार्थियों और उनके परिवारों के साथ व्यक्तिगत बातचीत होगी।


