Uttarakhand

ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की

रुद्रप्रयाग,। भारी बारिश के बाद रुद्रप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में रायड़ी-पठालीधार-बसुकेदार मोटर मार्ग पर भूस्खलन और भूधंसाव ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रायड़ी बैंड के समीप सड़क का करीब 10 मीटर हिस्सा धंसने से मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। लगातार हो रहे भूधंसाव के कारण सड़क के आसपास स्थित आवासीय भवनों और ग्रामीण बस्तियों पर भी खतरा मंडराने लगा है। ग्रामीणों के अनुसार, दो आवासीय भवन क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जबकि आठ अन्य भवनों को भी खतरा बना हुआ है। मुख्य संपर्क मार्ग बंद होने से ग्राम सभा रायड़ी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की आवाजाही प्रभावित हो गई है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है। सड़क बंद होने के कारण बच्चों के लिए विद्यालय तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। वहीं, बीमार और बुजुर्ग लोगों को स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने में भी ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
रायड़ी-पठालीधार-बसुकेदार मोटर मार्ग क्षेत्र में बारिश के बाद लगातार भूधंसाव की स्थिति बनी हुई है। सड़क का हिस्सा धंसने और पहाड़ी से मलबा आने के कारण मार्ग की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। सड़क के आसपास रहने वाले परिवारों को अपने मकानों की सुरक्षा को लेकर चिंता सताने लगी है।
स्थानीय ग्रामीण स्वजल रौथाण ने बताया कि सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क का मलबा आसपास के मकानों के लिए खतरा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि मार्ग बंद होने से बीमार लोगों को स्वास्थ्य केंद्र तक ले जाना भी मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क को शीघ्र खोलने के साथ ही प्रभावित आवासीय भवनों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
ग्रामीणों के लिए यह मार्ग गांव तक पहुंचने का प्रमुख संपर्क मार्ग है। इसके बंद होने के बाद आवाजाही के लिए पर्याप्त वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। ऐसे में दैनिक जरूरतों के सामान की आपूर्ति से लेकर स्कूली बच्चों, मरीजों और बुजुर्गों की आवाजाही तक प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि मार्ग जल्द नहीं खोला गया तो आने वाले दिनों में परेशानी और बढ़ सकती है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर सड़क की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाए। इसके साथ ही मलबा हटाकर मार्ग को जल्द से जल्द यातायात के लिए सुचारु किया जाए। प्रभावित भवनों की तकनीकी जांच कराने और खतरे की जद में आए परिवारों की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई है।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कराया जा रहा है तथा क्षति का आकलन किया जा रहा है। जिला प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण जनता की हरसंभव मदद के लिए प्रशासन तैयार है और आवश्यकतानुसार राहत एवं बचाव संबंधी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल रायड़ी-पठालीधार-बसुकेदार मोटर मार्ग के बंद होने से ग्रामीणों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित है। लगातार बारिश के बीच सड़क और आसपास के भवनों पर मंडरा रहे खतरे ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। ऐसे में ग्रामीण अब प्रशासन से मार्ग को शीघ्र खोलने और प्रभावित क्षेत्र में स्थायी सुरक्षा उपाय किए जाने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button